मंदी में जॉब लॉस का सच: अर्थशास्त्र के सिद्धांतों से समझें कैसे प्रभावित होता है रोजगार: recession-job-loss-economic-theories
स्टॉकहोम। अर्थव्यवस्था में मंदी आने पर नौकरियां क्यों कम (Economic Recession and Jobs) होने लगती हैं और महंगाई (Inflation) पर काबू पाना मुश्किल क्यों होता है? इन सवालों को समझने में अमेरिकी अर्थशास्त्रियों रॉबर्ट ई. हॉल (Robert E. Hall) और माइकल वुडफोर्ड (Michael Woodford) की रिसर्च मदद करती है।
2026 के अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार (Economics Nobel Prize 2026) की घोषणा के मुताबिक, दोनों अर्थशास्त्रियों को ऐसे मॉडल विकसित करने के लिए सम्मानित किया गया है, जो यह समझने में मदद करते हैं कि लोगों के खर्च और कंपनियों के फैसलों का पूरी अर्थव्यवस्था (Economic) पर क्या असर पड़ता है।
पुरस्कार की कुल राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर यानी करीब 11.5 करोड़ रुपए बताई गई है। इसे दोनों के बीच बराबर बांटा जाएगा।
ये भी पढ़ें..
मंदी आने पर नौकरियां क्यों कम होती हैं? कम
इसे एक आसान उदाहरण से समझिए। मान लीजिए, बाजार में लोग पहले के मुकाबले कम सामान खरीदने लगे। दुकानों और कंपनियों की बिक्री घट जाएगी। ऐसे में कंपनियां उत्पादन कम कर सकती हैं। नई भर्तियां रोक सकती हैं और जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों की छंटनी भी कर सकती हैं।
लोगों का खर्च कम होने से कारोबार प्रभावित होता है रोजगार पर इसका असर पड़ता है।
अर्थशास्त्री जॉन मेनार्ड कीन्स ने भी करीब 100 साल पहले बताया था कि जब बाजार में मांग कम हो जाती है, तो सरकार अपना खर्च बढ़ाकर अर्थव्यवस्था को सहारा दे सकती है। इससे कारोबार को मदद मिल सकती है और रोजगार के नए मौके बनने की संभावना बढ़ सकती है।
रॉबर्ट हॉल की रिसर्च यह समझने में मदद करती है कि लोग अपनी कमाई और भविष्य की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर खर्च करने का फैसला कैसे लेते हैं।
उदाहरण के लिए, अगर किसी व्यक्ति को लगता है कि आने वाले दिनों में उसकी नौकरी जा सकती है या आमदनी कम हो सकती है, तो वह आज से ही खर्च घटाना शुरू कर सकता है। जब बड़ी संख्या में लोग ऐसा करते हैं, तो बाजार में मांग कम हो सकती है। इसका असर कारोबार और रोजगार पर भी पड़ता है।
महंगाई को रोकना इतना मुश्किल क्यों है?
महंगाई का असल मतलब है सामान और सेवाओं की कीमतें बढ़ रही हैं। इसके पीछे की वजह सिर्फ लोगों का खर्च करना नहीं बल्कि कंपनियां क्या सोच रही है इसका भी पड़ता है।
मान लीजिए, किसी कंपनी को लगता है कि आने वाले समय में कच्चा माल, बिजली या ईंधन महंगा हो सकता है। ऐसे में वह अभी से अपने उत्पादों के दाम बढ़ा सकती है।
वहीं, कई बार बाजार में मांग कम होने के बाद भी कंपनियां कीमतें तुरंत नहीं घटातीं। इसकी वजह यह हो सकती है कि कीमतें बार-बार बदलने में समय और पैसा लगता है।
माइकल वुडफोर्ड के आर्थिक मॉडल यह समझने में मदद करते हैं कि कंपनियां कीमतें तय करते समय किन बातों का ध्यान रखती हैं और उनकी उम्मीदों का महंगाई पर क्या असर पड़ता है।
इस जानकारी से केंद्रीय बैंकों को भी यह तय करने में मदद मिलती है कि ब्याज दरों में बदलाव करके महंगाई को कैसे नियंत्रित किया जा सकता है।
ब्याज दरें घटाने और बढ़ाने से क्या होता है?
देश का केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में बदलाव करके लोगों और कंपनियों के खर्च को प्रभावित करने की कोशिश करता है।
जब अर्थव्यवस्था में मंदी आती है: केंद्रीय बैंक ब्याज दरें घटा सकता है। इससे कर्ज लेना सस्ता हो सकता है। लोग घर और गाड़ी खरीदने के लिए कर्ज ले सकते हैं। कंपनियां भी कारोबार बढ़ाने के लिए निवेश कर सकती हैं। इससे बाजार में मांग बढ़ने और रोजगार को सहारा मिलने की उम्मीद रहती है।
**जब महंगाई बढ़ने लगती है:** केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ा सकता है। इससे कर्ज लेना महंगा हो जाता है। लोग और कंपनियां अपने खर्च पर लगाम लगा सकते हैं। मांग धीमी होने से महंगाई कम करने में मदद मिल सकती है।
लेकिन इसका असर तुरंत नहीं दिखता। ब्याज दरों में बदलाव का असर लोगों के खर्च, कंपनियों के निवेश और कीमतों पर धीरे-धीरे पड़ता है। इसलिए केंद्रीय बैंक को फैसला लेते समय आर्थिक हालात का ध्यान रखना पड़ता है।
1970 के दशक के तेल संकट ने क्या सिखाया?
1970 के दशक में तेल संकट के कारण कई पश्चिमी देशों में महंगाई और बेरोजगारी एक साथ बढ़ गई थीं। आर्थिक विकास की रफ्तार भी धीमी पड़ गई थी।
उस समय के कई आर्थिक मॉडल महंगाई और बेरोजगारी के बीच एक खास तरह का संबंध मानकर चलते थे। लेकिन तेल संकट के दौरान सामने आए हालात ने इन मान्यताओं पर सवाल खड़े कर दिए।
अर्थशास्त्रियों ने ये समझा कि केवल मंहगाई और बेरोजगारी जैसे बड़े आंकड़ों को देखना आवश्यक नहीं बल्कि ये भी देखना होगा कि आम लोग और कंपनियां अपने स्तर पर क्या फैसला लेती हैं।
इसी सोच को अर्थशास्त्र में 'माइक्रोफाउंडेशन' कहा जाता है। इसका आसान मतलब है कि पूरी अर्थव्यवस्था को समझने के लिए लोगों और कंपनियों के फैसलों को भी समझना जरूरी है।
रॉबर्ट हॉल और माइकल वुडफोर्ड के शोध ने इसी दिशा में आर्थिक मॉडल विकसित किया।
सरकारों और केंद्रीय बैंकों की कैसे होती है मदद
माइकल वुडफोर्ड ने 2003 में प्रकाशित अपनी किताब में न्यू कीन्सियन आर्थिक मॉडल को विस्तार से समझाया था।
इन मॉडलों की मदद से अनुमान लगाया जा सकता है कि ब्याज दरें बदलने से उत्पादन, लोगों के खर्च और महंगाई पर क्या असर पड़ सकता है।
दुनिया भर के केंद्रीय बैंक और सरकारें ऐसे आर्थिक मॉडलों की मदद से नीतियां बनाने और उनके संभावित नतीजों का आकलन करने की कोशिश करती हैं।
उदाहरण के लिए, अगर अचानक तेल महंगा हो जाए या लोग खर्च करना कम कर दें, तो अर्थव्यवस्था पर इसका क्या असर पड़ेगा? सरकार और केंद्रीय बैंक कौन-से कदम उठा सकते हैं? ऐसे सवालों के जवाब तलाशने में ये मॉडल मददगार होते हैं।
हालांकि, कोई भी आर्थिक मॉडल मंदी या महंगाई को पूरी तरह खत्म करने की गारंटी नहीं देता। इनका मकसद आर्थिक हालात को बेहतर ढंग से समझना और सही फैसले लेने में मदद करना है।
अर्थशास्त्र का नोबेल अलग क्यों है?
अर्थशास्त्र नोबेल की शुरूआत अल्फ्रेल नोबेल की मूल वसीयत में नहीं थी। इसे स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में शुरू किया था।
अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार अल्फ्रेड नोबेल की मूल वसीयत में शामिल नहीं था। इसकी शुरुआत स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में की थी।
इसका आधिकारिक नाम 'अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में आर्थिक विज्ञान में स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार' है।
यह पुरस्कार उन शोधकर्ताओं को दिया जाता है, जिनके काम से अर्थव्यवस्था को समझने और आर्थिक नीतियां बनाने के तरीकों में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
.jpg)
Comments