वॉट्सएप वेब हैक होने का खतरा, ऐसे बचें, जानें सरकार की सलाह: whatsapp-web-logout-government-advisory
समझें क्या है पूरा मामला?
अगर आप ऑफिस या घर के कंप्यूटर पर वॉट्सएप वेब (WhatsApp Web) चलाते हैं, तो थोड़ा सावधान हो जाइए। सरकार ने इसे लेकर चेतावनी दी है। छोटी-सी लापरवाही से आपकी निजी चैट और जरूरी जानकारी दूसरों के हाथ लग सकती है।
गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट (cyber crime) के मुताबिक, कंप्यूटर पर वॉट्सएप खुला छोड़ना आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। खासकर तब, जब आप काम खत्म होने के बाद लॉगआउट करना भूल जाते हैं।
सरकार ने सलाह दी है कि वॉट्सएप वेब पर ऑफिस, सरकारी या पैसों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी शेयर करने से बचें।
ये भी पढ़ें...
वॉट्सएप वेब से क्या खतरा है?
वॉट्सएप वेब की मदद से आप अपने मोबाइल का वॉट्सएप कंप्यूटर या लैपटॉप पर चला सकते हैं। इसमें आपकी निजी चैट, ग्रुप और कॉन्टैक्ट भी दिखाई देते हैं।
परेशानी तब होती है, जब आप कंप्यूटर पर वॉट्सएप खोलकर लॉगआउट (WhatsApp logout) करना भूल जाते हैं। ऐसे में आपके बाद कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति आपकी चैट देख सकता है। साइबर ठग भी इस लापरवाही का फायदा उठा सकते हैं।
ये भी पढ़ें...
साइबर ठग कैसे लगा सकते हैं चूना?
अगर किसी दूसरे व्यक्ति के पास आपके वॉट्सएप अकाउंट का एक्सेस पहुंच जाता है, तो वह कई तरह से नुकसान पहुंचा सकता है।
-निजी चैट पढ़ना: आपकी पर्सनल बातचीत और ऑफिस की गोपनीय जानकारी देख सकता है।
- आपके नाम से मैसेज करना: आपके अकाउंट से अधिकारियों, दोस्तों या सहकर्मियों को मैसेज भेज सकता है।
- पैसों की ठगी: आपके बॉस या किसी अधिकारी की पहचान बनाकर दूसरों से पैसे मांग सकता है।
- कॉन्टैक्ट और ग्रुप तक पहुंच: आपके ग्रुप और कॉन्टैक्ट की जानकारी का गलत इस्तेमाल कर सकता है।
- फर्जी लिंक भेजना: आपके अकाउंट से दूसरों को ऐसे लिंक भेज सकता है, जिनसे वे भी ठगी का शिकार हो सकते हैं।
सिर्फ ब्राउजर बंद करना काफी नहीं
मान लीजिए आपने ऑफिस के कंप्यूटर पर वॉट्सएप वेब खोला। काम खत्म होने के बाद आपने ब्राउजर तो बंद कर दिया, लेकिन अकाउंट से लॉगआउट नहीं किया।
ऐसे में अगर आपका सेशन चालू रहता है, तो उसी कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति आपकी चैट तक पहुंच सकता है।
कंप्यूटर में मालवेयर होने या किसी दूसरे तरीके से उसका कंट्रोल किसी और के हाथ में जाने पर भी आपका अकाउंट खतरे में पड़ सकता है।
सरकार ने दी ये 5 जरूरी सलाह
गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट की एडवाइजरी में कुछ जरूरी सावधानियां बताई गई हैं।
1.संवेदनशील जानकारी शेयर न करें: वॉट्सएप वेब पर सरकारी, ऑफिस या पैसों से जुड़ी जरूरी जानकारी भेजने से बचें।
2. हर बार लॉगआउट करें: काम पूरा होने के बाद वॉट्सएप वेब से लॉगआउट जरूर करें।
3. इन्कॉग्निटो मोड इस्तेमाल करें: ब्राउजर की प्राइवेट या इन्कॉग्निटो विंडो का इस्तेमाल करें।
4. सार्वजनिक कंप्यूटर से बचें:साइबर कैफे, होटल या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर अपना वॉट्सएप न खोलें।
5. सॉफ्टवेयर अपडेट रखें: कंप्यूटर, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को समय-समय पर अपडेट करते रहें।
पहले भी चेतावनी दे चुकी है सरकार
वॉट्सएप के जरिए होने वाली ठगी का मामला नया नहीं है। इससे पहले भी इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) (Indian Cyber Crime Coordination Centre) ने लोगों को ऐसे फ्रॉड से सावधान किया था।
PIB की एक विज्ञप्ति के मुताबिक, साइबर ठग लोगों को फर्जी फाइल भेजते हैं। ये फाइलें बैंक अकाउंट स्टेटमेंट या सरकारी नोटिस जैसी दिखाई देती हैं।
कई बार इन फाइलों के साथ ऐसा मैसेज भेजा जाता है, जिसमें तुरंत कार्रवाई करने का दबाव बनाया जाता है। लोग बिना जांच किए फाइल खोल लेते हैं और ठगी का शिकार हो सकते हैं।
क्या होता है बॉस स्कैम?
बॉस स्कैम को CEO इंपर्सनेशन फ्रॉड भी कहा जाता है। इसमें साइबर ठग किसी कंपनी के बड़े अधिकारी या बॉस की पहचान बनाकर कर्मचारियों को मैसेज करते हैं।
उदाहरण के लिए, आपको अपने बॉस के नाम से मैसेज आता है कि तुरंत किसी खाते में पैसे ट्रांसफर करने हैं। मैसेज देखकर आप बिना सोचे-समझे पैसे भेज देते हैं।
जब तक आपको गलती का पता चलता है, तब तक काफी देर हो चुकी होती है।
इसलिए अगर बॉस या किसी अधिकारी के नाम से अचानक पैसों की मांग वाला मैसेज आए, तो पहले फोन करके उसकी पुष्टि जरूर करें।
वॉट्सएप पर ठगी हो जाए तो क्या करें?
अगर आपके साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है, तो घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करें।
- साइबर हेल्पलाइन नंबर **1930** पर कॉल करें।
- नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
- अपने बैंक को तुरंत जानकारी दें, अगर पैसों का लेन-देन हुआ है।
- वॉट्सएप के लिंक्ड डिवाइस सेक्शन में जाकर अनजान डिवाइस को हटाएं।
आम यूजर्स इन बातों का रखें ध्यान
वॉट्सएप वेब इस्तेमाल करना गलत नहीं है, लेकिन थोड़ी सावधानी रखना जरूरी है। हमेशा काम खत्म होने के बाद लॉगआउट करें। सिर्फ ब्राउजर बंद करके न छोड़ें।
किसी अनजान फाइल या लिंक पर क्लिक करने से बचें। अगर आपके अकाउंट से किसी दोस्त या रिश्तेदार को अचानक पैसे मांगने का मैसेज आता है, तो पहले कॉल करके पता करें कि मैसेज आपने ही भेजा है या नहीं।
याद रखें, साइबर ठगी से बचने का सबसे आसान तरीका है- जल्दबाजी न करें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
FAQ
1. वॉट्सएप वेब इस्तेमाल करना कितना सुरक्षित है?
वॉट्सएप वेब का इस्तेमाल सावधानी के साथ करना चाहिए। किसी सार्वजनिक कंप्यूटर पर लॉगिन न करें और हर बार काम खत्म होने के बाद लॉगआउट जरूर करें।
2. क्या सिर्फ ब्राउजर बंद करने से वॉट्सएप लॉगआउट हो जाता है?
नहीं, सिर्फ ब्राउजर बंद करना हमेशा काफी नहीं होता। सुरक्षित रहने के लिए वॉट्सएप वेब से खुद लॉगआउट करें।
3. वॉट्सएप पर साइबर ठगी होने पर कहां शिकायत करें?
साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
.jpg)

Comments