दिवाली का मतलब क्या है? बदलते दौर में त्योहार की अहमियत: diwali-2026-meaning-significance-modern-era
समझें क्या है पूरा मामला
दिवाली (Diwali) इस साल रविवार, 8 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। पांच दिनों तक चलने वाला यह त्योहार 6 नवंबर को धनतेरस से शुरू होगा।
दिवाली का मतलब (Diwali meaning) है दीयों की कतार यानी रोशनी की माला। दिसंबर 2025 में यूनेस्को (Diwali UNESCO) ने भी इसे सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल किया था।
लेकिन आज के समय में दिवाली सिर्फ दीये जलाने और मिठाइयां बांटने का त्योहार नहीं है। यह हमें रिश्तों, खुशियों और अपनी जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।
घरों की सफाई हो चुकी है। बाजारों में दीये, रंगोली और सजावट का सामान बिकने लगा है। मिठाइयों की दुकानों पर भी रौनक दिखाई दे रही है। यानी दिवाली की तैयारियां अब लगभग पूरी हो चुकी हैं।
इस बार दिवाली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। यह कार्तिक महीने की अमावस्या की रात होती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि दिवाली का असली मतलब क्या है? आइए आसान भाषा में समझते हैं।
ये भी पढ़ें...
दिवाली शब्द का मतलब क्या है?
दिवाली को दीपावली भी कहा जाता है। यह शब्द दो संस्कृत शब्दों से मिलकर बना है। इसमें दीप का मतलब दीया और आवली का मतलब कतार होता है। यानी दीयों की एक लंबी कतार।
यही वजह है कि दिवाली को रोशनी का त्योहार कहा जाता है। यह हमें अंधेरे पर उजाले और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है।
ये भी पढ़ें...
दिवाली क्यों मनाई जाती है?
दिवाली से जुड़ी सबसे लोकप्रिय कहानी भगवान राम की है मान्यता है कि भगवान राम 14 साल का वनवास पूरा करने के बाद अयोध्या लौटे थे। उन्होंने रावण पर जीत हासिल की थी।
उनके लौटने की खुशी में अयोध्या के लोगों ने पूरे शहर में दीये जलाए थे। तभी से दिवाली मनाने की परंपरा शुरू हुई। इस दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा भी की जाती है। लोग सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
कई व्यापारी इस दिन अपने नए बही-खाते की पूजा भी करते हैं। हालांकि, दिवाली मनाने के पीछे अलग-अलग धर्मों और परंपराओं में अलग मान्यताएं हैं।
जैसे नरक चतुर्दशी को भगवान कृष्ण द्वारा नरकासुर के वध से जोड़ा जाता है। जैन धर्म में यह भगवान महावीर के निर्वाण से जुड़ी है। वहीं, सिख धर्म में इसी दौरान बंदी छोड़ दिवस मनाया जाता है।
पांच दिन तक चलता है त्योहार
दिवाली सिर्फ एक दिन का त्योहार नहीं है। इसे पांच दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 6 नवंबर को धनतेरस (Dhanteras) से होगी। इस दिन भगवान धन्वंतरि और माता लक्ष्मी की पूजा (Lakshmi Puja) की जाती है। लोग सोना, चांदी और बर्तन खरीदना शुभ मानते हैं।
धनतेरस को बाद नरक चतुर्दशी आती है जो छोटी दीवाली कहलाती है।
फिर 8 नवंबर को मुख्य दिवाली मनाई जाएगी। इस दिन लोग माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करेंगे।
इसके बाद गोवर्धन पूजा होती है। इस दिन भगवान कृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है।
आखिर में भाई दूज का त्योहार आता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं।
हालांकि, इस बार बाकी त्योहारों की तारीखों को लेकर अलग-अलग पंचांग में अंतर है। कहीं गोवर्धन पूजा 9 नवंबर तो कहीं 10 नवंबर बताई गई है। इसी तरह भाई दूज की तारीख भी 10 या 11 नवंबर बताई जा रही है।
इसलिए पूजा-पाठ का सही समय जानने के लिए अपने शहर का पंचांग जरूर देखें।
समय के साथ बदल गई दिवाली
पहले दिवाली का त्योहार घर और मोहल्ले तक ही सीमित रहता था। परिवार के लोग साथ बैठते थे, दीये जलाते थे और मिठाइयां बांटते थे।
लेकिन अब समय बदल गया है। नौकरी और काम के सिलसिले में कई लोग अपने घरों से दूर रहते हैं।
ऐसे में वीडियो कॉल के जरिए भी लोग अपने परिवार के साथ दिवाली मनाते हैं। कई लोग इस त्योहार पर खासतौर से अपने घर लौटते हैं।
दिवाली कारोबार के लिहाज से भी काफी खास है। इस दौरान बाजारों में खूब खरीदारी होती है।
कुम्हार, मिठाई बेचने वाले, फूल विक्रेता और छोटे दुकानदार पूरे साल इस त्योहार का इंतजार करते हैं।
इसलिए दिवाली पर स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदने की अपील भी की जाती है।
वहीं, पटाखों और प्रदूषण को लेकर भी हर साल चर्चा होती है। अब कई परिवार मिट्टी के दीये जलाना और फूलों से रंगोली बनाना पसंद कर रहे हैं।
कुछ लोग कम आवाज वाले पटाखों के साथ दिवाली मनाते हैं। यानी लोग अब त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण का ध्यान रखने की कोशिश भी कर रहे हैं।
यूनेस्को ने भी दिवाली को दी खास पहचान
दिवाली सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया के कई देशों में भी इसे बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है।
10 दिसंबर 2025 को यूनेस्को (United Nations Educational, Scientific and Cultural Organization) ने दिवाली को अपनी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल किया था।
यूनेस्को यानी संयुक्त राष्ट्र की शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संस्था है। बता दें कि ये फैसला दिल्ली के लाल किले में 20 वें सत्र में लिया था।
भारत के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि थी। इस सूची में शामिल होने वाला दिवाली भारत का 16वां सांस्कृतिक तत्व बना।
अब सवाल है कि अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर क्या होती है?
दरअसल, ऐसी परंपराएं जिन्हें हम छू नहीं सकते, लेकिन अपनी संस्कृति और जीवन में महसूस करते हैं। जैसे त्योहार, रीति-रिवाज, संगीत और कहानियां।इस मान्यता से दिवाली को दुनिया भर में एक नई पहचान मिली है।
दिवाली हमें क्या सिखाती है?
दिवाली का मतलब सिर्फ घर को रोशन करना नहीं है। यह अपने मन को भी साफ करने का त्योहार है।
हम अक्सर छोटी-छोटी बातों पर अपनों से नाराज हो जाते हैं। कई बार पुराने गिले-शिकवे रिश्तों में दूरियां बढ़ा देते हैं।
दिवाली ऐसा मौका है, जब हम इन दूरियों को कम कर सकते हैं।
किसी जरूरतमंद को मिठाई देना, किसी के घर दीया जलाना या किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना भी दिवाली मनाने का एक तरीका है।
क्योंकि एक दीये से दूसरा दीया जलाने पर उसकी रोशनी कम नहीं होती, बल्कि बढ़ जाती है।
शायद यही इस त्योहार का सबसे खूबसूरत संदेश है।
दिवाली मनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
त्योहार की खुशियों के साथ अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है।
- दीये और मोमबत्तियां पर्दों से दूर रखें।
- बच्चों को पटाखे अकेले न जलाने दें।
- पटाखे जलाते समय पास में पानी या रेत रखें।
- बुजुर्गों और पालतू जानवरों का ध्यान रखें।
- तेज आवाज वाले पटाखों से बचने की कोशिश करें।
- जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने से बचें।
.jpg)
Comments