समझें क्या है पूरा मामला
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान (Imran Khan) को बॉम्बे हाईकोर्ट (Bombay High Court) से फटकार लगी है। मामला SIR के विरोध में हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है। इमरान ने इस मामले में कोर्ट से बिना शर्त माफी मांगी है।
उन्होंने अदालत में हलफनामा देकर कहा कि अब वे भविष्य में किसी भी विरोध-प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। साथ ही, किसी दूसरे व्यक्ति को भी ऐसे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नहीं उकसाएंगे।
दरअसल, इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास OCI (Overseas Citizen of India) कार्ड है। इसी बात को लेकर कोर्ट ने उन्हें याद दिलाया कि वे भारतीय नागरिक (Indian Citizenship) नहीं हैं। इसलिए उन्हें भारतीय नागरिकों की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए।
फिलहाल, इमरान को भारत छोड़ने के नोटिस पर मिली राहत जारी है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।
ये भी पढ़ें...
कोर्ट ने इमरान खान से क्या कहा?
सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में इमरान खान की याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने कहा कि इमरान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास OCI कार्ड (OCI Card) है। ऐसे में वे भारतीय नागरिक की तरह व्यवहार नहीं कर सकते।
कोर्ट ने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई भारतीय वहां जाकर इस तरह के प्रदर्शन में शामिल होता, तो क्या होता? उसे अगली फ्लाइट से वापस भेज दिया जाता।
अदालत ने इमरान से यह भी पूछा कि वे भारतीय नागरिकता क्यों नहीं ले लेते। कोर्ट के मुताबिक, इमरान बचपन से भारत में रह रहे हैं और यहीं बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई है। इस पर उनके वकील ने कहा कि वे इस बारे में अपने मुवक्किल से बात करेंगे।
ये भी पढ़ें...
इमरान खान ने कोर्ट में क्या वादा किया?
इमरान ने अदालत में हलफनामा देकर बिना शर्त माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अब वे भविष्य में किसी भी विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेंगे।
उन्होंने यह भी भरोसा दिया कि वे किसी दूसरे व्यक्ति को भी सीधे या किसी और तरीके से ऐसे प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए नहीं कहेंगे।
इमरान ने भारत और उसके संविधान के प्रति सम्मान जताया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन और काम भारत से जुड़ा हुआ है।
उनके वकील वेंकटेश धोंड ने बताया कि इमरान का जन्म अमेरिका में हुआ था। इसलिए उन्हें जन्म से ही अमेरिकी नागरिकता मिली। हालांकि, उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत में बिताया है।
वकील के मुताबिक, इमरान को साल 2006 में OCI का दर्जा मिला था। उन्होंने भारत में शादी की और बॉलीवुड में भी काम किया है।
इमरान की माफी का विरोध क्यों किया?
इस मामले में केंद्र सरकार की तरफ से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (Additional Solicitor General) अनिल सिंह कोर्ट में पेश हुए।
उन्होंने इमरान की माफी का विरोध किया। उनका कहना था कि अभिनेता के प्रदर्शन में शामिल होने के सबूत मौजूद हैं।
सरकारी वकील ने सोशल मीडिया पोस्ट और एक इंटरव्यू का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान पहले भी कई प्रदर्शनों में शामिल हुए थे और उनके कुछ बयान भड़काऊ थे।
हालांकि, ये सरकार की तरफ से लगाए गए आरोप हैं। मामले में अभी अदालत का अंतिम फैसला नहीं आया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में SIR (Special Intensive Revision) के विरोध (SIR Protest) में एक प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त(Chief Election Commissione) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस मामले के बाद उन्हें लीव इंडिया नोटिस (Leave India Notice) जारी किया गया था।
इस नोटिस में उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के लिए कहा गया था।
इसके बाद इमरान ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने नोटिस को चुनौती देते हुए अदालत में याचिका दायर की।
हाईकोर्ट ने फिलहाल इस नोटिस पर रोक लगा रखी है। इसका मतलब है कि अभी इमरान को भारत छोड़ना नहीं पड़ेगा।
अब आगे क्या होगा?
फिलहाल इमरान खान को भारत छोड़ने के नोटिस से राहत मिली हुई है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।
इसके अलावा, उनके OCI कार्ड को रद्द करने के मामले में भी कार्रवाई चल रही है। एफआरआरओ ने इस संबंध में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अब देखना होगा कि अगली सुनवाई में इमरान की तरफ से क्या जवाब दिया जाता है और अदालत इस मामले में क्या फैसला सुनाती है।


Comments