समझें क्या है पूरा मामला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने 29 नवंबर को मन की बात का 140वां एपिसोड (Mann Ki Baat 140th episode) किया। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर बात की। सबसे पहले उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि आज के युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं, लेकिन नशा उनके सपनों के रास्ते में बड़ी रुकावट बन रहा है। इस दौरान उन्होंने नशे की लत छोड़ चुके एक युवक से फोन पर बात भी की।
इसके अलावा पीएम मोदी ने संचार साथी एप (Sanchar Saathi app) सरकारी कर्मचारियों की ऑनलाइन पढ़ाई, पटना के म्यूजियम (Patna museum ranking) और खेल जगत की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
ये भी पढ़ें...
नशे को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
रविवार को प्रसारित मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत पीएम मोदी ने नशे के मुद्दे से की। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रहे हैं, लेकिन नशे की लत उनके लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
पीएम मोदी ने बताया कि कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति से नशे की लत को हरा दिया है। उनकी कहानियां दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बन सकती हैं।
ये भी पढ़ें...
नशे की लत में कैसे फंसा युवक?
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने एक ऐसे युवक से फोन पर बात की, जिसने नशे की लत से बाहर निकलकर अपनी जिंदगी बदल दी।
पीएम मोदी ने उससे पूछा कि आखिर वह नशे की गिरफ्त में कैसे आया?
युवक ने बताया कि वह दिल्ली में रहता था। उसके आसपास कई लोग नशा करते थे। उन्हें देखकर उसने भी दसवीं कक्षा में पहली बार नशा किया था। शुरुआत में उसे यह सिर्फ शौक लगा, लेकिन धीरे-धीरे इसकी लत लग गई।
हालात ऐसे हो गए कि घर का सारा पैसा नशे में खर्च होने लगा।
युवक ने बताया कि बचपन में ही उसके माता-पिता का निधन हो गया था। इसके बाद वह अपनी नानी के साथ रहने लगा। नानी के गुजरने के बाद उसके पास कोई नहीं बचा।
वह सड़कों पर घूमने लगा था। उसे लगने लगा था कि अब उसकी जिंदगी खत्म होने वाली है। उसने एक दोस्त से मदद की उम्मीद की, लेकिन वहां से भी उसे निराशा मिली।
तब उसे एहसास हुआ कि नशे की वजह से वह अपनी जिंदगी में सब कुछ खो चुका है।
इसके बाद उसने खुद ही नशामुक्ति केंद्र की तलाश की और वहां जाकर इलाज करवाया। धीरे-धीरे उसने नशे की लत छोड़ दी और अपनी जिंदगी को नई दिशा दी।
प्रधानमंत्री ने युवक की तारीफ करते हुए कहा कि अगर इंसान ठान ले तो कोई भी लक्ष्य हासिल कर सकता है। उसकी कहानी दूसरे युवाओं को भी नशे से बाहर निकलने की हिम्मत दे सकती है।
फोन खो जाए तो संचार साथी एप आएगा काम
मन की बात में पीएम मोदी ने संचार साथी एप के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि अगर किसी का मोबाइल फोन खो जाता है, तो यह एप उसे ढूंढने में मदद कर सकता है।
इसके लिए सबसे पहले एप पर जाकर अपने फोन का IMEI (International Mobile Equipment Identity)
नंबर ब्लॉक करवाना होता है। इसके बाद फोन को ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
पीएम मोदी के मुताबिक, इस एप की मदद से अब तक 14 लाख से ज्यादा खोए हुए फोन ढूंढे जा चुके हैं।
उन्होंने पुणे के हिमांशु सिंह का भी जिक्र किया। हिमांशु ने संचार साथी के जरिए 300 से ज्यादा संदिग्ध मोबाइल नंबरों की शिकायत की थी।
सरकारी कर्मचारी भी ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे
पीएम मोदी ने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने बताया कि देश के लाखों सरकारी कर्मचारी लगातार कुछ नया सीख रहे हैं।
इनमें ऐसे कर्मचारी भी शामिल हैं, जो पिछले 20 से 25 साल से सरकारी सेवा में काम कर रहे हैं।
ये कर्मचारी iGOT (Integrated Government Online Training) कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं।
कोई कर्मचारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI सीख रहा है, तो कोई साइन लैंग्वेज की पढ़ाई कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि कर्मचारियों में नई चीजें सीखने का उत्साह देखकर अच्छा लगता है।
पटना म्यूजियम को दुनिया में नौवां स्थान
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि जब भी कहीं घूमने जाएं, तो वहां के म्यूजियम को देखने का समय जरूर निकालें।
उन्होंने बताया कि पटना के म्यूजियम को दुनिया में नौवां स्थान मिला है। इस रैंकिंग में यह पेरिस और अमेरिका के कई बड़े म्यूजियम से भी आगे है।
इसके अलावा उन्होंने वेनिस आर्ट बिएनाले का भी जिक्र किया। इसे कला की दुनिया का ओलंपिक भी कहा जाता है।
पीएम मोदी के मुताबिक, यहां बने भारत के पवेलियन को करीब 4.5 लाख लोगों ने देखा।
भारतीय चॉकलेट की विदेशों में बढ़ रही मांग
पीएम कहा कि भारतीय चॉकलेट और कोको उत्पादों के निर्यात पर बात की। कि बीते साल चॉकलेट और कोको से बने उत्पादों का निर्यात 25 प्रतिशत बढ़ा है।
उनके मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में उद्यमी नए-नए आइडिया के साथ आगे आ रहे हैं और भारतीय उत्पादों को दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।
खेल के मैदान में भी भारत की उपलब्धियां
मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने खेल जगत की कुछ उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि भारतीय फुटबॉल टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप अपने नाम की।
बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार दो सुपर 500 खिताब जीते। वहीं, सिंधु ने हायलो ओपन जीतकर भारत को एक और उपलब्धि दिलाई।
पीएम मोदी ने 2032 की UCI (Union Cycliste Internationale) रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप का भी जिक्र किया।
पिछले एपिसोड में भी उठा था नशे का मुद्दा
मन की बात में नशे को लेकर पीएम मोदी पहले भी चिंता जता चुके हैं।
137वें एपिसोड में उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त भारत अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की थी। साथ ही लोगों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाला कंटेंट बनाने को भी कहा था।
वहीं, 139वें एपिसोड में उन्होंने भारतीय उत्पादों की दुनिया में बढ़ती मांग पर बात की थी। इस दौरान पूर्णिया के मखाने और कलबुर्गी की अरहर दाल का जिक्र किया गया था।
नशे की लत से बाहर निकलने के लिए इलाज और सही मार्गदर्शन जरूरी है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति इस समस्या से जूझ रहा है, तो उसे नजदीकी नशामुक्ति केंद्र से मदद लेनी चाहिए। परिवार और दोस्तों का साथ भी इस मुश्किल दौर में काफी मददगार साबित हो सकता है।
(FAQ)
सवाल 1: मन की बात का 140वां एपिसोड कब प्रसारित हुआ?
जवाब: मन की बात का 140वां एपिसोड 29 नवंबर 2026, रविवार को प्रसारित हुआ। इसमें पीएम मोदी ने नशे, संचार साथी एप और सरकारी कर्मचारियों की ऑनलाइन पढ़ाई जैसे मुद्दों पर बात की।
सवाल 2: संचार साथी एप से खोया हुआ फोन कैसे ढूंढ सकते हैं?
जवाब: फोन खोने पर संचार साथी एप के जरिए उसके IMEI नंबर को ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट की जा सकती है। इसके बाद फोन को ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू होती है। पीएम मोदी के मुताबिक, इस एप से 14 लाख से ज्यादा फोन ढूंढे जा चुके हैं।
सवाल 3: iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म क्या है?
जवाब: iGOT कर्मयोगी सरकारी कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई का प्लेटफॉर्म है। इस पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। कर्मचारी इसके जरिए AI और साइन लैंग्वेज जैसी नई चीजें भी सीख सकते हैं।
.jpg)
Comments