समझें क्या है पूरा मामला
NEET परीक्षा (NEET Paper Leak) को लेकर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने एक बार फिर सख्त रुख दिखाया है। कोर्ट ने कहा है कि जरूरत पड़ी तो जज खुद NTA (National Testing Agency) के दफ्तर जाकर देखेंगे कि परीक्षा में सुधार के जो दावे किए जा रहे हैं, वो जमीन पर सच में लागू हुए हैं या नहीं।
इससे पहले सरकार ने कोर्ट में कहा था कि NEET परीक्षा का सिस्टम फूलप्रूफ है और इसमें गड़बड़ी करना आसान नहीं है। लेकिन कोर्ट अब सिर्फ दावों पर भरोसा करने के बजाय पूरे सिस्टम को करीब से देखना चाहता है।
जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने इस मामले की सुनवाई की। यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट, FAIMA और दूसरे संगठनों ने याचिकाएं दायर की हैं। इनमें NTA को खत्म करने और पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था बनाने जैसी मांगें शामिल हैं।
कोर्ट ने NTA को क्या निर्देश दिए?
सुप्रीम कोर्ट ने NTA को कई अहम निर्देश दिए हैं।
पहला, NTA को अपनी ओर से किए गए सुधारों और अब तक हुई प्रगति की जानकारी अपनी वेबसाइट पर डालनी होगी। यानी छात्रों और आम लोगों को भी पता चल सके कि परीक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव किए गए हैं।
दूसरा, NTA में पर्याप्त स्थायी कर्मचारी और विशेषज्ञ होने चाहिए। कोर्ट ने कहा कि बेहतर स्टाफ, ट्रेनिंग और जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान देना होगा। NTA को मजबूत कानूनी आधार देने पर भी विचार किया गया है।
तीसरा, लिखित परीक्षा से डिजिटल परीक्षा (Digital Exam) की तरफ बदलाव एकदम से नहीं किया जाएगा। इसे धीरे-धीरे और चरणबद्ध तरीके से लागू करना होगा, ताकि नई व्यवस्था में किसी तरह की परेशानी न हो।
चौथा, वकील और राज्य सरकारें अपने सुझाव तय ई-मेल के जरिए भेज सकती हैं। इन सुझावों को परीक्षा व्यवस्था में सुधार के दौरान ध्यान में रखा जाएगा।
सरकार ने कोर्ट में क्या कहा?
केंद्र सरकार ने कोर्ट को बताया कि नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता वाली हाई-पावर्ड कमेटी (Nilekani Committee) जल्द अपनी रिपोर्ट देगी। पहली अंतरिम रिपोर्ट सितंबर के आखिर तक आने की संभावना है।
सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी बताया कि याचिकाकर्ताओं की ओर से दिए गए सुझाव नीलेकणी कमेटी के सामने रखे जा चुके हैं।
अब कोर्ट NTA का नया हलफनामा आने के बाद आगे की सुनवाई करेगा।
18 अगस्त को भी कोर्ट ने जताई थी चिंता
NEET परीक्षा व्यवस्था को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहले भी चिंता जता चुका है।
18 अगस्त को कोर्ट ने तीन महीने में दूसरी बार कहा था कि परीक्षा कराने के लिए UPSC (UPSC System) जैसा मजबूत सिस्टम बनाने की जरूरत है।
कोर्ट का कहना था कि सिर्फ नियम बना देने से काम नहीं चलेगा। जरूरी यह है कि एक परीक्षा के बाद जो कमियां सामने आएं, उन्हें अगली परीक्षा में दोबारा न दोहराया जाए।
NEET पेपर लीक मामले में अब तक 13 गिरफ्तारियां
NEET पेपर लीक का मामला 2024 से लगातार चर्चा में है। इस मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।
पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की खबरों के बाद देशभर के छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इसी के बाद परीक्षा सिस्टम में बदलाव और निगरानी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं पहुंचीं।
अब आगे क्या होगा?
अब सबकी नजर NTA के जवाब और नीलेकणी कमेटी की रिपोर्ट पर है।
अगर कोर्ट को लगता है कि बताए गए सुधार सिर्फ कागजों तक सीमित हैं और जमीन पर ठीक से लागू नहीं हुए हैं, तो जज खुद NTA दफ्तर जाकर सिस्टम देख सकते हैं।
यानी आने वाले दिनों में NEET परीक्षा की पूरी व्यवस्था को लेकर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी और बढ़ सकती है।

Comments