नई दिल्ली में शुरू हुए 18वें BRICS Brazil, Russia, India, China, South Africa समिट (BRICS Summit) में आतंकवाद के मुद्दे पर सदस्य देशों ने एकजुट होकर सख्त संदेश दिया है। समिट के दौरान जारी ''नई दिल्ली डिक्लेरेशन'' में 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई।
इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। BRICS देशों ने साफ कहा कि आतंकवाद (Terrorism) से मिलकर लड़ना जरूरी है। आतंकियों को फंडिंग करने (Terror Funding), उन्हें सुरक्षित ठिकाने देने और मदद पहुंचाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई गई।
आतंकवाद पर BRICS का सख्त संदेश
घोषणापत्र में सीमा पार आतंकवाद और आतंकियों को मिलने वाली आर्थिक मदद पर चिंता जताई गई। सदस्य देशों ने कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
साथ ही इस बात पर भी जोर दिया गया कि आतंकवाद को किसी धर्म, जाति, राष्ट्रीयता या समुदाय से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। BRICS देशों ने आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग बढ़ाने और संयुक्त राष्ट्र की प्रस्तावित आतंकरोधी संधि को जल्द लागू करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
टैरिफ और परमाणु खतरे पर भी चर्चा
नई दिल्ली डिक्लेरेशन (New Delhi Declaration) में सिर्फ आतंकवाद ही नहीं, बल्कि वैश्विक व्यापार और परमाणु हथियारों से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता जताई गई।
BRICS देशों ने एकतरफा टैरिफ और व्यापारिक पाबंदियों पर सवाल उठाए। सदस्य देशों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े फैसले WTO (World Trade Organization) के नियमों के तहत होने चाहिए।इसके अलावा दुनिया में बढ़ते तनाव के बीच परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के खतरे पर भी चिंता जताई गई।
मोदी बोले- दुनिया का भविष्य सबका है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समिट के दौरान भविष्य की चुनौतियों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में AI, साइबर स्पेस, अंतरिक्ष और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में नियम बनाए जाएंगे। मोदी ने कहा कि इन नियमों को तय करने में विकासशील देशों की भी बराबर भागीदारी होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने अगले 20 साल को ध्यान में रखते हुए नया एजेंडा तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने युवा राजनयिकों को ट्रेनिंग देने और संकट में फंसे नाविकों की मदद के लिए देशों के बीच एक इमरजेंसी नेटवर्क बनाने की बात भी कही।
मोदी का कहना था कि जब दुनिया का भविष्य सबका है तो उसे तय करने का अधिकार भी सभी देशों के पास होना चाहिए।
7 साल बाद भारत पहुंचे जिनपिंग
इस BRICS समिट की एक बड़ी बात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) का भारत दौरा भी है। जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत पहुंचे हैं। गलवान झड़प के बाद यह उनका पहला भारत दौरा बताया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने भारत मंडपम में शी जिनपिंग का स्वागत किया। समिट के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग एक साथ मंच पर नजर आए।
समिट के बाद मोदी और जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। दोनों नेताओं की मुलाकात को भारत और चीन के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
क्यों अहम है BRICS का यह बयान?
पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Attack) की निंदा BRICS जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर होना भारत के लिए अहम माना जा रहा है। इस मंच में भारत के साथ रूस और चीन जैसे बड़े देश भी शामिल हैं।
आतंकवाद के खिलाफ सभी सदस्य देशों का एक साथ आना यह दिखाता है कि इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि BRICS समिट के बाद आतंकवाद, वैश्विक व्यापार और सदस्य देशों के आपसी रिश्तों को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
FAQ
सवाल: BRICS ने पहलगाम हमले पर क्या कहा?
BRICS देशों ने नई दिल्ली डिक्लेरेशन में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और आतंकियों को फंडिंग व पनाह देने वालों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया।
सवाल: पहलगाम हमला कब हुआ था?
पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी।
सवाल: BRICS का 18वां समिट कहां हो रहा है?
18वां BRICS समिट नई दिल्ली में आयोजित किया गया है।
सवाल: शी जिनपिंग कितने साल बाद भारत आए हैं?
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत पहुंचे हैं।
Comments