सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने बुजुर्ग माता-पिता (Elderly Parents) के हक में बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने साफ कहा है कि अगर बेटा या बहू घर में रहकर बुजुर्ग माता-पिता के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं, उनकी सुरक्षा या सम्मान में दखल दे रहे हैं, तो माता-पिता उन्हें घर से बाहर कर सकते हैं।
कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) के उस फैसले को पलट दिया है, जिसमें बेटे को घर से निकालने का आदेश रद्द कर दिया गया था।
क्या है पूरा मामला?
ये मामला लखनऊ के विकास नगर के रहने वाले रवि कांत गुप्ता से जुड़ा है। गुप्ता ने अपनी खुद की खरीदी हुई प्रॉपर्टी से बेटे को बाहर निकालने के लिए प्रशासन के सामने शिकायत की थी।
मामला सामने आने के बाद एसडीएम ने 15 नवंबर 2022 को बेटे को घर से बाहर करने का आदेश दिया। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट ने भी इस आदेश को बरकरार रखा।
लेकिन बेटे और बहू ने इस फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) में चुनौती दे दी।
हाईकोर्ट ने क्या कहा था?
इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) ने दोनों आदेशों को रद्द कर दिया था। हाईकोर्ट का कहना था कि 2007 के वरिष्ठ नागरिक कानून के तहत बने ट्रिब्यूनल के पास किसी को घर से बेदखल (Eviction) करने का अधिकार नहीं है।इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को गलत बताया और बेदखली का आदेश बहाल कर दिया।
जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता (Elderly Parents), को अपने घर में सम्मान और सुरक्षा के साथ रहने का अधिकार है।
कोर्ट ने साफ कहा कि उम्र बढ़ने का मतलब ये नहीं है कि बुजुर्गों को अपमान या असुरक्षा के साथ रहना पड़े।
अगर बेटे या बहू का घर में रहना बुजुर्ग माता-पिता की सुरक्षा और सम्मान के लिए परेशानी बन रहा है, तो उन्हें घर से बाहर किया जा सकता है।
किस कानून के तहत मिला ये अधिकार?
ये मामला ''माता-पिता और (Senior Citizens Act) वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण (Maintenance) तथा कल्याण अधिनियम, 2007'' से जुड़ा है।
इस कानून का मकसद यही है कि बुजुर्ग माता-पिता को उनके बच्चों या रिश्तेदारों की वजह से किसी तरह की उपेक्षा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस कानून के तहत बनाए गए ट्रिब्यूनल जरूरत पड़ने पर बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए बेदखली का आदेश भी दे सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट की अहम बात
कोर्ट ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहां बुजुर्गों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है।
यानी सिर्फ उम्र बढ़ जाना ये नहीं बताता कि बुजुर्ग अब कमजोर हैं या उन्हें किसी भी तरह की परेशानी सहनी होगी। उन्हें सम्मान और सुरक्षित माहौल में रहने का पूरा अधिकार है।
इस फैसले से उन बुजुर्ग माता-पिता को राहत मिल सकती है, जो अपनी ही प्रॉपर्टी में बच्चों या बहू-बेटे की वजह से परेशानी झेल रहे हैं।
.jpg)
Comments