भोपाल में ब्रिक्स सम्मेलन का दूसरा दिन आज, घोषणा पत्र पर चर्चा: bhopal-brics-summit-day-2-declaration-discussion
समझिए पूरा मामला
भोपाल में चल रहे ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन (BRICS Cultural Festival 2026) का आज दूसरा दिन है।
ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन 8 अगस्त तक चलेगा।
अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि मिलकर संस्कृति मंत्रियों (BRICS Culture Ministers) के घोषणा पत्र के मसौदे पर चर्चा करेंगे।
रविंद्र भवन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा।
आज क्या-क्या होगा?
आज ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि बैठकर घोषणा पत्र के ड्राफ्ट पर मंथन करेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने, विरासत को सुरक्षित रखने, संग्रहालयों को मजबूत बनाने और सांस्कृतिक उद्योगों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के आपसी जुड़ाव को कैसे बढ़ाया जाए, इस पर भी बात होगी।
आज जो सुझाव तैयार होंगे, वही कल होने वाली संस्कृति मंत्रियों की बैठक का आधार बनेंगे। यानी आज की चर्चा आगे लिए जाने वाले फैसलों की दिशा तय करेगी।
शाम को सजेगी संस्कृति की महफिल
शाम को रविंद्र भवन (Ravindra Bhawan) में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव (BRICS Cultural Festival) होगा। इसमें ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के कलाकार अपनी-अपनी संस्कृति की झलक पेश करेंगे। एक ही मंच पर कई देशों की लोक परंपराएं, संगीत और कला देखने को मिलेगी।
मिंटो हॉल में लगी हैं तीन खास प्रदर्शनी
कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) (Minto Hall Bhopal) परिसर में तीन खास प्रदर्शनी लगाई गई हैं—ज्ञान भारतम, प्रोजेक्ट मौसम और प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत। अच्छी बात यह है कि इन्हें आम लोग भी देख सकते हैं।
प्रदर्शनी में क्या है खास?
इन प्रदर्शनी में भारत की प्राचीन पांडुलिपियों, समुद्री सांस्कृतिक रिश्तों और अलग-अलग सभ्यताओं के जुड़ाव को दिखाया गया है। साथ ही विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में भारत की भूमिका को भी आसान तरीके से समझाया गया है।
मेहमानों को मिल रहा एमपी का स्वाद
विदेशी मेहमानों के खाने में मध्यप्रदेश की पारंपरिक डिशों को खास जगह दी गई है। दाल-बाफले, निमोना, गुइया की सब्जी, चंबल का थोपा और बड़ा जैसे स्थानीय व्यंजन परोसे जा रहे हैं। हेल्दी फूड के तौर पर कोदो और कुटकी जैसे मिलेट्स भी मेन्यू में शामिल हैं। वहीं विदेशी मेहमानों की पसंद को ध्यान में रखते हुए वेस्टर्न और ओरिएंटल डिश भी रखी गई हैं।
कल भोपाल आएंगे संस्कृति मंत्री
7 अगस्त को ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के संस्कृति मंत्री भोपाल पहुंचेंगे। शाम को मुख्य ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव 2026 होगा, जिसमें भारत समेत 11 देशों के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' के संदेश के साथ होगी। इसके बाद 'कलर्स ऑफ इंडियन म्यूजिक' के जरिए हिंदुस्तानी और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति होगी।
सबसे खास आकर्षण होगा ब्रिक्स पीस सॉन्ग — "Peace is the Language of the Land"। इस संगीतमय प्रस्तुति में बेलारूस, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और यूएई के कलाकार भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा 'Peace to All, Harmony to All' और 'Crescendo of Unity' जैसी ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुतियां भी होंगी।
पहले दिन क्या हुआ था?
सम्मेलन की शुरुआत बुधवार से हुई थी। पहले दिन सभी देशों के प्रतिनिधियों का फोटो सेशन हुआ। इसके बाद कई दौर की बैठकें हुईं। अब दूसरे दिन घोषणा पत्र पर चर्चा और सांस्कृतिक सहयोग को लेकर अहम मंथन होगा, जबकि कल संस्कृति मंत्रियों की मौजूदगी में सम्मेलन अपने सबसे महत्वपूर्ण चरण में पहुंचेगा।
क्या है ब्रिक्स
ब्रिक्स (BRICS) दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है। शुरुआत में इसमें ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। यह मंच सदस्य देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने का काम करता है।
ये देश मिलकर दुनिया की लगभग 41% आबादी, 24% वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) और करीब 16% वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसी वजह से वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माण में ब्रिक्स की भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है।


Comments