इसे समय की विडंबना कहें या हमारे समाज की सच्चाई, हकीकत यही है कि आज भी हमारे आसपास रहने वाली अनगिनत महिलाएं अपने साथ हुई यौन हिंसा के बारे में सिर्फ इसलिए कुछ नहीं कह पातीं, क्योंकि उन्हें डर होता है कि इससे उनके परिवार और समाज की बदनामी होगी। इसी डर के चलते कई बार अपराधी पीड़ित और पीड़ित ही अपराधी बना दिए जाते हैं।
इसी कड़वी सच्चाई को सामने लाती है फिल्म 'लकीएस्ट गर्ल अलाइव’। यह फिल्म न सिर्फ एक महिला की कहानी कहती है, बल्कि समाज के उस घिनौने चेहरे को भी दिखाती है, जहां पीड़िता को न्याय और सहानुभूति देने के बजाय सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है।
क्या कहती है फिल्म की कहानी?
‘लकीएस्ट गर्ल अलाइव’ एक महिला लेखिका की कहानी है, जो अपने करियर में सफलता हासिल करने के लिए लगातार मेहनत कर रही है। वह न्यूयॉर्क टाइम्स में एक संपादकीय पद हासिल करने का सपना देखती है और इसके लिए पूरी शिद्दत से प्रयास करती है।
लेकिन उसकी जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब उसके अतीत से जुड़ा एक ऐसा सच सामने आता है, जिसे उसने वर्षों से दुनिया से छिपाकर रखा था। इसके बाद उसके सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि वह अपने सपनों और अपने अतीत के बीच कैसे संतुलन बनाए।यही संघर्ष फिल्म की कहानी का केंद्र है।
क्यों देखी जानी चाहिए ये फिल्म?
हम सभी कहीं न कहीं दो तरह की जिंदगी जीते हैं। एक जिंदगी वह होती है, जिससे दुनिया हमें पहचानती है और दूसरी वह, जो हमारे अतीत से जुड़ी होती है। हमारे अतीत में कुछ ऐसी अच्छी और बुरी यादें भी होती हैं, जिन्हें हम दुनिया के सामने नहीं लाना चाहते।
लेकिन क्या हो, जब हमारा वही छिपा हुआ सच अचानक पूरी दुनिया के सामने आ जाए?
‘लकीएस्ट गर्ल अलाइव’ इसी सवाल का सामना कराती है। फिल्म बताती है कि किसी घटना को भूल जाना और उससे बाहर निकल जाना दो अलग-अलग चीजें हैं। कई बार इंसान अपने अतीत से जितना भागता है, वह उतना ही उसके पीछे चलता रहता है।
अगर आप किसी कहानी को सिर्फ मनोरंजन के नजरिए से नहीं, बल्कि समाज और इंसानी सोच के एक अलग नजरिए से देखना चाहते हैं, तो ‘ लकीएस्ट गर्ल अलाइव’ जरूर देखी जानी चाहिए।
यह फिल्म सिर्फ एक महिला की कहानी नहीं है, बल्कि उन तमाम महिलाओं की आवाज है, जो अपने साथ हुई हिंसा के बावजूद चुप रहने के लिए मजबूर कर दी जाती हैं।
.jpg)
.jpeg)

Comments